कश्मीर घाटी को मिली बड़ी सौगात, पंपोर रेलवे स्टेशन पर शुरू हुआ दूसरा गुड्स शेड

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने कश्मीर घाटी में माल परिवहन को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बारामूला-संगलदान रेलखंड पर स्थित पंपोर रेलवे स्टेशन पर नए गुड्स शेड का संचालन शुरू कर दिया है। सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद यह गुड्स शेड तत्काल प्रभाव से कार्यरत हो गया है। अनंतनाग के बाद यह जम्मू मंडल के अंतर्गत कश्मीर घाटी का दूसरा गुड्स शेड है।

रेलवे के अनुसार, पंपोर गुड्स शेड में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक माल ढुलाई संबंधी कार्य होंगे। यहां हाफ रेक की सुविधा उपलब्ध रहेगी तथा पेट्रोलियम, तेल एवं स्नेहक (POL) और कोयले को छोड़कर सभी प्रकार के माल की आवक-जावक की बुकिंग की जा सकेगी। गुड्स शेड में सभी परिचालन एवं वाणिज्यिक नियमों के साथ-साथ राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया है।

शुरू होते ही मिला व्यापारियों का भरोसा

गुड्स शेड के शुभारंभ के साथ ही 15 जुलाई को पंपोर के लिए पहली बार दो मालगाड़ियों के इंडेंट प्राप्त हुए। इनमें अंबाला मंडल के भारतगढ़ रेलवे स्टेशन से 21 BCN वैगन अल्ट्राटेक सीमेंट तथा किरतपुर साहिब से 21 BCN वैगन ACC और अंबुजा सीमेंट की बुकिंग शामिल है। रेलवे ने इसे नए गुड्स शेड के प्रति व्यापारिक समुदाय के भरोसे का संकेत बताया है।

व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

पंपोर में गुड्स शेड शुरू होने से कश्मीर घाटी के फल उत्पादकों, किसानों और व्यापारियों को अब माल भेजने के लिए दूर स्थित गुड्स शेड पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे परिवहन लागत और समय दोनों की बचत होगी। साथ ही लोडिंग-अनलोडिंग, परिवहन और अन्य सहायक सेवाओं में स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

इसके अलावा अनंतनाग गुड्स शेड पर बढ़ते दबाव में कमी आएगी और माल की आवाजाही अधिक तेज एवं सुगम होगी। रेलवे का मानना है कि इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और माल परिवहन से होने वाले अतिरिक्त राजस्व का उपयोग भविष्य में यात्री सुविधाओं के विकास में किया जाएगा।

रेलवे ने व्यापारियों से की अपील

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि पंपोर में गुड्स शेड का शुभारंभ कश्मीर घाटी के व्यापारिक समुदाय के लिए बड़ी सौगात है। पहले ही दिन दो इंडेंट मिलना इस बात का प्रमाण है कि यह सुविधा क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने व्यापारिक संगठनों, उद्योगपतियों और अन्य हितधारकों से इस नई सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने और क्षेत्र के विकास में सहभागी बनने की अपील की।