मां वैष्णो देवी यात्रा को लेकर कटड़ा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

कटड़ा। विश्व प्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कटड़ा में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर रहते हुए पूरे यात्रा मार्ग पर चौकसी बरत रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निर्बाध बनी रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार संवेदनशील स्थानों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। कटड़ा के प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष नाके स्थापित कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। वहीं रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाणगंगा, अर्धकुंवारी और भवन मार्ग सहित पूरे यात्रा पथ पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ गश्त भी बढ़ा दी गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। होटल, धर्मशालाओं और पार्किंग स्थलों पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते भी सक्रिय रूप से शामिल हैं।

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं एहतियात के तौर पर की गई हैं, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन सुरक्षित, सहज और विश्वास के साथ कर सकें। वर्तमान में यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है।