दो दिनों में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए मां वैष्णो देवी के दर्शन, यात्रा सुचारु

कटड़ा। मां वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था लगातार उमड़ रही है। पिछले दो दिनों में 50 हजार से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए और माता के दर्शन किए। मंगलवार को करीब 30,500 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि बुधवार शाम पांच बजे तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन के लिए प्रस्थान कर चुके थे।

त्रिकुटा पर्वत पर बुधवार को बादलों और घने कोहरे के कारण हेलीकॉप्टर सेवा अधिकांश समय प्रभावित रही। हालांकि सुबह के समय कुछ उड़ानों का संचालन किया गया। इसके बावजूद बैटरी कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सभी वैकल्पिक सुविधाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में किसी प्रकार की विशेष असुविधा नहीं हुई।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, आपदा प्रबंधन दल, पुलिस, सीआरपीएफ के जवान और सहायता मित्र पूरे यात्रा मार्ग पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। सभी संबंधित एजेंसियां लगातार निगरानी रखते हुए यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और मौसम को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन के समन्वित प्रयासों से मां वैष्णो देवी की यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से जारी है।