नैहाटी जंक्शन पर चार घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द व कुछ विलंब से चलेंगी

कोलकाता। सियालदह मंडल के अत्यंत व्यस्त नैहाटी जंक्शन पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) प्रणाली स्थापित करने के लिए 18 और 19 जुलाई की मध्यरात्रि चार घंटे का नॉन-इंटरलॉकिंग ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, कुछ का आंशिक समापन एवं प्रारंभ होगा, जबकि कई एक्सप्रेस ट्रेनें विलंब से चलाई जाएंगी।

रेल प्रशासन के अनुसार नैहाटी जंक्शन पर सेंट्रल ईआई पैनल और ईआई हट में उन्नत लॉजिक सर्किट स्थापित किए जा रहे हैं। यह कार्य 18 जुलाई (शनिवार) की रात 12:00 बजे से 19 जुलाई (रविवार) सुबह 4:00 बजे तक किया जाएगा। इसका उद्देश्य परिचालन संबंधी बाधाओं को दूर कर रेल संचालन को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और सुचारु बनाना है।

ये ट्रेनें रहेंगी रद्द

18 जुलाई को सियालदह रानाघाट (63111), नैहाटी?सियालदह (31447 अप) तथा सियालदह?नैहाटी (31450 डाउन) लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी।

इन ट्रेनों के संचालन में होगा बदलाव

लालगोला सियालदह (63106) ट्रेन 18 जुलाई को रानाघाट में ही आंशिक रूप से समाप्त होगी। नैहाटी?कल्याणी सीमांत (31192) ट्रेन केवल कल्याणी तक चलेगी, जबकि 19 जुलाई को कल्याणी सीमांत?नैहाटी (31191) ट्रेन कल्याणी से ही रवाना होगी।

इसके अलावा बलिया सियालदह (13106) 180 मिनट, जोगबनी कोलकाता (13160) 150 मिनट, न्यू अलीपुरद्वार सियालदह (13142) 100 मिनट तथा लालगोला सियालदह (53172) 75 मिनट की देरी से अपने प्रारंभिक स्टेशन से रवाना होगी।

इन एक्सप्रेस ट्रेनों को रास्ते में रोका जाएगा

19 जुलाई को गोरखपुर कोलकाता (15050) और बालुरघाट सियालदह (13190) एक्सप्रेस को बंडेल जंक्शन तक 45 मिनट नियंत्रित किया जाएगा, जबकि मालदा?सियालदह (13154) एक्सप्रेस को 30 मिनट तक रोका जाएगा।

रेल प्रशासन ने बताया कि यह कार्य रेल सुरक्षा और भविष्य में अधिक सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। यात्रियों से यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य आधिकारिक माध्यमों पर संशोधित समय-सारिणी देखने की अपील की गई है। यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए रेलवे ने खेद भी व्यक्त किया है।