अहमदाबाद के रेलवे और शहर विकास कार्यों की केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की समीक्षा, पांच प्रमुख परियोजनाओं को दी रफ्तार

अहमदाबाद। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शहर एवं रेलवे अवसंरचना से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अहमदाबाद के पांच प्रमुख विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मुंबई?अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में सूरत?बिलिमोरा खंड पर बुलेट ट्रेन सेवा का पहला चरण शुरू करने का लक्ष्य है, जिसके बाद परियोजना का विस्तार क्रमशः वापी, अहमदाबाद और अंततः मुंबई तक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गुजरात में विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन, आधुनिक परिवहन सुविधाओं और बेहतर सड़क संपर्क विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ शहरी यातायात और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश के सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साणंद में देश के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन करेंगे, जिससे भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।

बैठक में ओमनगर अंडरपास (आरओबी) का कार्य नवरात्रि से पहले पूरा करने, असारवा स्टेशन को आधुनिक टर्मिनल के रूप में विकसित करने, अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर सारंगपुर की ओर दूसरा प्रवेश द्वार बनाने, शाहपुर?अहमदाबाद फ्लाईओवर परियोजना को आवश्यक मंजूरियों के साथ आगे बढ़ाने तथा साबरमती स्टेशन रोड के विस्तार और विकास के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।

बैठक में शहर के जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के पदाधिकारियों तथा भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।