कोलकाता स्टेशन को राहत देने के लिए सियालदह मंडल का बड़ा फैसला, सर्कुलर रेलवे सेवाओं में होगा पुनर्गठन

कोलकाता। पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को अधिक सुचारु बनाने तथा कोलकाता स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की बढ़ती व्यस्तता को कम करने के लिए सर्कुलर रेलवे की उपनगरीय सेवाओं के पुनर्गठन का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य कोलकाता स्टेशन को एक प्रमुख कोचिंग टर्मिनल के रूप में विकसित करना और लंबी दूरी की ट्रेनों की समयपालन क्षमता में सुधार लाना है।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुबह और शाम के व्यस्त समय में चलने वाली सभी उपनगरीय ट्रेन सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। बदलाव केवल दिन के उस समय में किया जाएगा जब यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रहती है।

नई योजना के तहत प्रतिदिन सुबह 11 बजकर 15 मिनट से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक छह घंटे का विशेष परिचालन कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस अवधि में कोलकाता स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर कोई उपनगरीय ट्रेन नहीं चलाई जाएगी। इससे यह प्लेटफॉर्म लंबी दूरी की मेल, एक्सप्रेस और विशेष ट्रेनों के लिए उपलब्ध रहेगा। इस दौरान उपनगरीय ट्रेनों का संचालन ताला स्टेशन से किया जाएगा, जो कोलकाता स्टेशन से लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में कोलकाता स्टेशन का प्लेटफॉर्म संख्या 1 सुबह साढ़े सात बजे से रात नौ बजे तक लगातार उपनगरीय ट्रेनों के संचालन में व्यस्त रहता है। दूसरी ओर अन्य प्लेटफॉर्म पहले से ही अपनी अधिकतम क्षमता पर काम कर रहे हैं, जिसके कारण लंबी दूरी की ट्रेनों को प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने में परेशानी होती है और समयपालन प्रभावित होता है।

इसके अतिरिक्त दमदम जंक्शन से माझेरहाट तक लगभग 18.40 किलोमीटर लंबा एकल रेलखंड भी परिचालन के लिए चुनौती बना हुआ है। इस खंड पर 17 समपार फाटक, कई तीव्र मोड़, 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा, घनी आबादी और त्योहारों के दौरान विशेष परिचालन प्रतिबंध जैसी समस्याएं मौजूद हैं।

ट्रेनों के संचालन में ये होंगे प्रमुख बदलाव

नई व्यवस्था के तहत माझेरहाट और ताला के बीच नई उपनगरीय ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। ट्रेन संख्या 30411 अब बीबीडी बाग की जगह ताला स्टेशन से चलेगी और माझेरहाट होते हुए सियालदह तक जाएगी।

ट्रेन संख्या 30333 अब बीबीडी बाग से चलकर बालीगंज और कांकुड़गाछी मार्ग होते हुए बांगांव तक जाएगी। पहले यह सेवा हाबरा तक सीमित थी।

ट्रेन संख्या 30121 (माझेरहाट नैहाटी) तथा 30312 (बारासात माझेरहाट) अब सर्कुलर लाइन की बजाय कांकुड़गाछी?बालीगंज मार्ग से संचालित की जाएंगी।

कुछ ट्रेनों के संचालन में आंशिक परिवर्तन भी किया गया है। ट्रेन संख्या 30346 अब माझेरहाट के स्थान पर बारासात तक चलेगी। ट्रेन संख्या 30122 अब बालीगंज की जगह बीबीडी बाग तक संचालित होगी।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 30111 अब बालीगंज के स्थान पर बीबीडी बाग से शुरू होगी, जिससे कार्यालय जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 30311 (माझेरहाट बारासात), 30332 (हाबरा माझेरहाट) और 30353 (माझेरहाट दत्तापुकुर) जैसी कुछ ऑफ-पीक सेवाओं की निरंतरता प्रभावित हो सकती है।

नई योजना से होंगे कई बड़े लाभ

इस पुनर्गठन के बाद कोलकाता स्टेशन के सभी पांच प्लेटफॉर्मों का अधिक संतुलित और प्रभावी उपयोग हो सकेगा। लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालन क्षमता में सुधार आएगा। लोकोमोटिव क्रॉसिंग और शंटिंग गतिविधियां कम होने से परिचालन अधिक सुगम बनेगा। साथ ही दमदम जंक्शन और सियालदह दक्षिण क्षेत्र में भीड़भाड़ कम होगी, जिससे सुरक्षित और समयबद्ध रेल संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

रेल प्रशासन ने कहा है कि इन परिवर्तनों को लागू करने की तिथि और नई समय-सारिणी की घोषणा जल्द की जाएगी। सियालदह मंडल ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह कदम भविष्य में अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक रेल नेटवर्क तैयार करने की दिशा में उठाया गया है।