डायमंड हार्बर स्टेशन पर लगा मेगा स्वास्थ्य शिविर, रेल कर्मचारियों व संविदा कर्मियों को मिला स्वास्थ्य लाभ

डायमंड हार्बर स्टेशन पर लगा मेगा स्वास्थ्य शिविर, रेल कर्मचारियों व संविदा कर्मियों को मिला स्वास्थ्य लाभ

कोलकाता। रेल कर्मचारियों, उनके परिजनों और संविदा कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बी. आर. सिंह अस्पताल, सियालदह की ओर से डायमंड हार्बर रेलवे स्टेशन पर बहुउद्देश्यीय मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों ने रेल कर्मचारियों, उनके परिवारों और संविदा कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की तथा आवश्यक चिकित्सीय सलाह और उपचार संबंधी परामर्श दिया। इसके साथ ही 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत क्षय रोग के प्रति जागरूकता फैलाने, समय पर जांच कराने और उपचार के महत्व पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

इस दौरान बी. आर. सिंह अस्पताल की मेडिकल टीम ने डायमंड हार्बर स्टेशन स्थित रनिंग रूम के रसोईघर तथा विभिन्न फूड स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य मानकों का आकलन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस स्वास्थ्य शिविर की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि इसका लाभ केवल कार्यरत एवं सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि संविदा कर्मियों को भी समान रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। यह पहल रेलवे की समावेशी स्वास्थ्य सेवा नीति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।