जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से पहले छात्रों ने किया स्टेशन का भ्रमण, प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा

फिरोजपुर। पुनर्निर्मित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के आगामी उद्घाटन और नई संत रविदास एक्सप्रेस के शुभारंभ से पहले 14 विद्यालयों के विद्यार्थियों को नवनिर्मित स्टेशन का भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्रों ने आधुनिक रेलवे सुविधाओं को करीब से देखा और भारतीय रेल के विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

फिरोजपुर मंडल द्वारा कक्षा 6 से 12 तक के 8 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भाषण, निबंध लेखन, चित्रकला और कविता लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का विषय "मेरे शहर का विकसित स्टेशन कैसा होगा" और "विकसित भारत बनाने के लिए मैं क्या करूँगा/करूँगी" रखा गया था।

प्रतियोगिता में जालंधर के 14 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त छात्रों को 14 जुलाई को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का विशेष भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने स्टेशन पर विकसित की गई आधुनिक यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया।

भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय रेल की समृद्ध विरासत, आधुनिक विकास, यात्री सुविधाओं और राष्ट्र निर्माण में रेलवे की भूमिका से परिचित कराना था। इस दौरान छात्रों ने विकसित भारत की परिकल्पना, आधुनिक रेलवे स्टेशनों की आवश्यकता और देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार भी साझा किए।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में भारतीय रेल के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी प्रोत्साहन मिलता है।