जगराओं से पहली बार मक्के की फुल रेक रवाना, फिरोजपुर मंडल को मिला करीब 65 लाख रुपये का राजस्व

फिरोजपुर। मंडल में माल परिवहन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए जगराओं गुड्स शेड से पहली बार मक्के की फुल रेक लंबी दूरी के लिए रवाना की है। 9 जुलाई 2026 को बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के प्रयासों से 42 बीसीएन वैगनों की पूर्ण रेक दक्षिण मध्य रेलवे के एस.वी.एम.एस. साइडिंग (शंकरपल्ली रेलवे स्टेशन) के लिए भेजी गई, जिससे मंडल को 64.96 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले 4 जुलाई को जगराओं से मक्के की पहली मिनी रेक कम दूरी के लिए लोड की गई थी। व्यापारियों के बढ़ते विश्वास और रेलवे की बेहतर माल परिवहन सुविधाओं के चलते अब पहली बार लंबी दूरी के लिए फुल रेक का सफल संचालन किया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट ने जगराओं मंडी के मक्का व्यापारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। रेलवे का कहना है कि इन प्रयासों से व्यापारी रेल परिवहन की ओर आकर्षित हो रहे हैं और उन्हें सुरक्षित, किफायती तथा समयबद्ध परिवहन सुविधा मिल रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि रेलवे मालभाड़े में विभिन्न रियायतें, एक वैगन तक की मांग पूरी करने की सुविधा और पीसमील ट्रैफिक जैसी योजनाओं के माध्यम से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को भी रेल मार्ग से माल परिवहन के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। इससे व्यापारियों की लागत कम होने के साथ-साथ रेलवे के माल राजस्व में भी लगातार वृद्धि हो रही है।