अमृत भारत स्टेशन योजना: जालंधर छावनी रेलवे स्टेशन का बदला स्वरूप, 125 करोड़ से हुआ आधुनिक पुनर्विकास

जालंधर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत फिरोजपुर मंडल के जालंधर छावनी रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास पूरा हो गया है। करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और विश्वस्तरीय यात्री सेवाओं से लैस होकर यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

पुनर्विकसित स्टेशन में आधुनिक एयर कॉन्कोर्स, दो नए फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, एस्केलेटर, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, आधुनिक उद्घोषणा व्यवस्था तथा दोनों ओर से सुगम प्रवेश और निकास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। दिव्यांगजन-अनुकूल अवसंरचना और यात्रियों की निर्बाध आवाजाही पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

स्टेशन परिसर में विस्तृत पार्किंग, हरित क्षेत्र, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, 90 केएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और व्यापक सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था विकसित की गई है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को गोल्ड रेटिंग मानकों के अनुरूप ग्रीन बिल्डिंग के रूप में तैयार किया गया है।

रेलवे के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को केवल यात्रा का केंद्र नहीं, बल्कि आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल सार्वजनिक अवसंरचना के रूप में विकसित करना है। जालंधर छावनी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।