125 करोड़ रुपये से पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का केंद्रीय मंत्री ने किया निरीक्षण

जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले रेल मंत्रालय तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के साथ पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। प्रधानमंत्री 17 जुलाई को स्टेशन पुनर्विकास परियोजना का उद्घाटन करेंगे।

करीब 110 वर्ष पुराने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। परियोजना में स्टेशन की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्टेशन पर डबल-हाइट एयर कॉन्कोर्स, नए फुट ओवर ब्रिज, स्टील प्लेटफॉर्म रूफिंग, स्लिप-प्रतिरोधी फर्श, एलईडी प्रकाश व्यवस्था, दोनों ओर से प्रवेश, नया स्टेशन भवन और विस्तृत पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना पंजाब के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है और क्षेत्र के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय यात्री सुविधा केंद्र में बदल देगी।

वर्तमान में स्टेशन पर प्रतिदिन करीब 7,500 यात्री आवागमन करते हैं। यहां 66 अप और 66 डाउन ट्रेनों का ठहराव होता है, जिनमें दो जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, एक हमसफर एक्सप्रेस, एक गरीब रथ एक्सप्रेस तथा कई मेल और यात्री ट्रेनें शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री ने पुनर्विकास कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए कहा कि यह स्टेशन आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल रेलवे अवसंरचना का नया उदाहरण बनेगा।