आगरा कैंट की घटना के विरोध में मुरादाबाद मंडल के स्टेशन मास्टर काली पट्टी बांधकर करेंगे ड्यूटी

मुरादाबाद। ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (AISMA) की केंद्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर मुरादाबाद मंडल के सभी स्टेशन मास्टर ने ड्यूटी के दौरान काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज करेंगे।

एसोसिएशन के अनुसार यह विरोध आगरा कैंट स्टेशन पर एक स्टेशन मास्टर के साथ हुई कथित घटना और आरपीएफ के कथित अमानवीय व्यवहार के विरोध में किया जा रहा है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

AISMA ने कहा कि विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा तथा केंद्रीय कार्यकारिणी के अगले निर्देश तक जारी रहेगा। संगठन ने मुरादाबाद मंडल के सभी स्टेशन मास्टरों से एकजुट होकर विरोध कार्यक्रम में शामिल होने और संगठन की एकता व गरिमा बनाए रखने की अपील की है।

मंडल सचिव कुंवर नौटियाल ने कहा कि स्टेशन मास्टरों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सर्वोच्च है तथा किसी भी कर्मचारी के साथ अभद्र या अमानवीय व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्यायोचित कार्रवाई करेगा।