मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग का जागरूकता एवं जांच अभियान, 23 खाद्य नमूने जांचे गए, सभी मानकों पर खरे उतरे

मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से शुक्रवार को मुरादाबाद के बारबालान क्षेत्र में मोबाइल फूड सेफ्टी व्हीकल (एमएफएसडब्ल्यू) के माध्यम से जागरूकता, प्रशिक्षण एवं खाद्य जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान 23 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की गई। राहत की बात यह रही कि सभी नमूने मानकों के अनुरूप पाए गए और कोई भी नमूना नॉन-कन्फॉर्मिंग (एनसी) नहीं मिला।

इस दौरान 40 खाद्य कारोबारियों (एफबीओ) को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण और जागरूकता दी गई। विभाग ने कारोबारियों को केवल एफएसएसएआई लाइसेंस प्राप्त खाद्य सामग्री का उपयोग करने, खाद्य पदार्थों में सिंथेटिक रंगों का प्रयोग नहीं करने, रसोई और खाद्य निर्माण क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने, हेड कैप, फेस मास्क, एप्रन और दस्तानों का उपयोग करने, कच्चे व तैयार खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा प्रतिष्ठान पर एफएसएसएआई लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें और खाद्य कारोबारियों में खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।