'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में रोडवेज का हरित संकल्प, मुरादाबाद की क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने किया पौधारोपण

मुरादाबाद। प्रदेश सरकार के 'एक पेड़ माँ के नाम' महावृक्षारोपण अभियान-2026 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए प्रदेशभर के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालयों और डिपो परिसरों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया।

इसी क्रम में मुरादाबाद क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने भी पौधा लगाकर हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और सतत विकास के महत्व पर जोर देते हुए सभी कर्मचारियों और आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।

यूपीएसआरटीसी का यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण के लिए जनजागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण प्रयास है। निगम ने लोगों से अपील की कि वे इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण बनाने में अपना योगदान दें।