जम्मू मंडल में टिकट सुविधा केंद्र खोलने का मौका, रेलवे ने आवेदन मांगे

जम्मू मंडल में टिकट सुविधा केंद्र खोलने का मौका, रेलवे ने आवेदन मांगे

जम्मू। यात्रियों को आसान टिकट सुविधा उपलब्ध कराने और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) फेसिलीटेटर, स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (एसटीबीए) और यात्री टिकट सुविधा केंद्र (वाईटीएसए) स्थापित करने के लिए पात्र व्यक्तियों एवं एजेंसियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

रेलवे के अनुसार एटीवीएम फेसिलीटेटर के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2026, एसटीबीए के लिए 22 जुलाई 2026 और वाईटीएसए के लिए 23 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि एटीवीएम के जरिए यात्री अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और मासिक सीजन टिकट आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। मशीन के संचालन में सहायता के लिए फेसिलीटेटर तैनात किए जाएंगे। वहीं, छोटे स्टेशनों पर एसटीबीए के माध्यम से निजी एजेंट टिकट उपलब्ध कराएंगे, जिससे टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी। वाईटीएसए योजना के तहत बाजारों में रेलवे टिकट सुविधा केंद्र संचालित किए जाएंगे, जहां आरक्षित और अनारक्षित दोनों प्रकार के टिकट उपलब्ध होंगे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि नया जम्मू मंडल यात्रियों को तेज, पारदर्शी और डिजिटल टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से टिकटिंग व्यवस्था मजबूत होगी, लंबी कतारों से राहत मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

रेलवे ने इच्छुक आवेदकों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन, आवश्यक दस्तावेज और शुल्क के साथ मंडल वाणिज्य शाखा, जम्मू में आवेदन जमा करने की अपील की है। पात्रता और अन्य जानकारी उत्तर रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और जम्मू मंडल कार्यालय के सूचना पट्ट पर उपलब्ध है।