जम्मू दौरा बीच में छोड़ दिल्ली लौटे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, वैष्णो देवी के दर्शन भी नहीं कर सके

जम्मू। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जम्मू-कश्मीर का अपना दो दिवसीय दौरा बीच में ही छोड़कर दिल्ली लौट गए। कार्यक्रम के अनुसार उन्हें मंगलवार को माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाना था, लेकिन अचानक कार्यक्रम में बदलाव होने के कारण उनकी यात्रा रद्द हो गई।

सोमवार को जम्मू पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय त्रिकुटा नगर में संगठन से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने मौजूदा और पूर्व भाजपा विधायकों के साथ करीब डेढ़ घंटे तक बैठक की तथा जम्मू के अमफला स्थित संघ के केशव भवन में वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी मुलाकात की।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक आरएस पठानिया ने उनके दिल्ली लौटने की पुष्टि की। हालांकि पार्टी की ओर से कार्यक्रम में बदलाव का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कुछ महत्वपूर्ण आधिकारिक बैठकों के कारण उन्हें तत्काल दिल्ली लौटना पड़ा।

बैठक में जम्मू-कश्मीर में भाजपा के संगठन को मजबूत करने, राष्ट्रवादी विचारधारा के विस्तार, जनता के विश्वास को बढ़ाने और प्रदेश की सुरक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। पहले अलग-अलग नेताओं से मिलने का कार्यक्रम था, लेकिन बदलाव के बाद सभी नेताओं के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

नितिन नवीन का यह दौरा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के तहत था। भाजपा के लिए जम्मू-कश्मीर और डॉ. मुखर्जी का विशेष महत्व रहा है, क्योंकि उन्होंने अनुच्छेद 370 और अलग संविधान के विरोध में आंदोलन किया था। इसी कारण यह दौरा संगठनात्मक और वैचारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा था।