जम्मू। मानसून से पहले सीनियर डीईएन शुभम पवार ने परखी रेलवे ट्रैक और पुलों की तैयारियां

मानसून को लेकर जम्मू रेल मंडल अलर्ट, ट्रैक-पुलों की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम पूरे

जम्मू। आगामी मानसून के मद्देनजर उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेल पथ, पुलों और सुरंगों की सुरक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और ट्रेनों के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए मंडल स्तर पर व्यापक कार्ययोजना लागू कर दी गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मानसून शुरू होने से पहले मंडल के सभी पुलों और सुरंगों का गहन निरीक्षण कराया गया। साथ ही स्टेशनों, यार्डों और रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित साइड ड्रेन एवं कैच वाटर ड्रेन की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है, ताकि भारी बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति न बने।

संभावित भूस्खलन और जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां 24 घंटे चौकीदारों और गश्ती कर्मचारियों की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बोल्डर, बालू से भरे बोरे, वुडन नीडल टाई (WNTs) सहित अन्य आवश्यक सामग्री मानसून रिजर्व के रूप में उपलब्ध कराई गई है। इन विशेष लकड़ी के स्लीपरों का उपयोग ट्रैक की अस्थायी मरम्मत में किया जाता है।

इसके अलावा चिन्हित पुलों पर जलस्तर और स्कोर लेवल की निगरानी के लिए विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए गए हैं। पिछले मानसून में प्रभावित पुलों की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्य भी समय रहते पूरे कर लिए गए हैं।

मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने कहा कि मानसून के दौरान सुरक्षित और बाधारहित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। तकनीकी स्टाफ और आपदा प्रबंधन दल पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

वहीं सीनियर डीईएन शुभम पवार भी मानसून तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं और रेल पथ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान मौसम संबंधी सूचनाओं पर ध्यान दें तथा किसी भी सहायता के लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर संपर्क करें।