फतेहपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे अपर मंडल रेल प्रबंधक, अमृत भारत योजना के कार्यों का लिया जायजा

फतेहपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे अपर मंडल रेल प्रबंधक, अमृत भारत योजना के कार्यों का लिया जायजा

फतेहपुर। प्रयागराज मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार ने शनिवार को फतेहपुर रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने स्टेशन पर उपलब्ध टिकटिंग व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता, यात्रियों की आवाजाही की व्यवस्था तथा दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों को बेहतर और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत निर्मित 12 मीटर चौड़े नए फुट ओवर ब्रिज सहित स्टेशन पर चल रहे अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तय समयसीमा में प्रगति और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन की समीक्षा की गई।

एडीआरएम दीपक कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशन पुनर्विकास कार्यों में यात्री सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा और दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान गति शक्ति यूनिट के अधिकारियों सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी और संबंधित पर्यवेक्षक भी उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन का कहना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत फतेहपुर स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनाया जा रहा है।