उत्तर मध्य रेलवे में राजभाषा को बढ़ावा देने पर जोर, ‘रेल संगम’ विशेषांक का हुआ विमोचन

उत्तर मध्य रेलवे में राजभाषा को बढ़ावा देने पर जोर, ?रेल संगम? विशेषांक का हुआ विमोचन

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में गुरुवार को क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने की। इस दौरान त्रैमासिक राजभाषा पत्रिका रेल संगम के निर्माण विभाग विशेषांक और झांसी स्थित वैगन मरम्मत कारखाना की राजभाषा पत्रिका ?रेल मंजूषा? का विमोचन किया गया।

बैठक में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि रेलवे के सभी कार्यों में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी और भारतीय भाषाओं में रचा गया साहित्य हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक चेतना को मजबूत करता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और नए डिजिटल माध्यमों के जरिए हिंदी में कामकाज को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

उन्होंने निर्देश दिए कि गृह मंत्रालय और रेलवे बोर्ड द्वारा राजभाषा से संबंधित जारी सभी आदेशों, कार्यक्रमों और निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए। रेलवे के सभी सूचना प्रौद्योगिकी एवं डाटा प्रबंधन विभागों की सूचनाएं हिंदी में उपलब्ध कराई जाएं तथा राजभाषा अधिनियम के अंतर्गत आने वाले सभी दस्तावेज हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी किए जाएं।

महाप्रबंधक ने सभी विभागाध्यक्षों और अधिकारियों से कहा कि पत्राचार, निरीक्षण, टिप्पणियों, कार्यालयी कार्यवाही और अन्य प्रशासनिक कार्यों में हिंदी अथवा हिंदी-अंग्रेजी दोनों भाषाओं का प्रयोग जारी रखा जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों और ग्राहकों से जुड़ी सभी सूचनाएं हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाएं।

कार्यक्रम के दौरान प्रयागराज मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी दीपक कुमार ने मंडल की कार्यप्रणाली, परिचालन व्यवस्था, तकनीकी शाखाओं, प्रशासनिक कार्यों, ऊर्जा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर हिंदी में विस्तृत प्रस्तुति दी।

मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं वरिष्ठ उप महाप्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने बैठक में राजभाषा के प्रचार-प्रसार और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झांसी मंडल के रेलकर्मी रहे प्रसिद्ध साहित्यकार आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी की जयंती पर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर उनके साहित्य और ?सरस्वती? पत्रिका से जुड़ी भव्य प्रदर्शनी आयोजित की गई।

कार्यक्रम में रेलवे के सभी वरिष्ठ अधिकारी, मंडल अधिकारी, कारखाना प्रबंधक और कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में उप मुख्य राजभाषा अधिकारी डॉ. गरिमा त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

रेलवे में हिंदी के बढ़ते उपयोग और आधुनिक तकनीक के साथ उसके विस्तार को लेकर यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।