अलीगढ़–दादरी रेलखंड का सेफ्टी ऑडिट, उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय की टीम ने परखा संरक्षा इंतजाम

प्रयागराज। रेल परिचालन में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय की टीम ने शनिवार को प्रयागराज मंडल के अलीगढ़?दादरी रेलखंड का इंट्रा रेलवे सेफ्टी ऑडिट किया। यह निरीक्षण प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री यतेंद्र कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें स्टेशन, यार्ड, ट्रैक, पुल, समपार फाटक और विभिन्न संरक्षा प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई।

निरीक्षण की शुरुआत अलीगढ़ स्टेशन से हुई। टीम ने निरीक्षण स्पेशल 'परख' के माध्यम से अलीगढ़?दादरी खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलपथ, सिग्नलिंग और परिचालन व्यवस्था का सूक्ष्म परीक्षण किया। अलीगढ़ स्टेशन पर स्टेशन मास्टर कार्यालय, क्रू लॉबी, रनिंग रूम, रेलवे ट्रैक, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, सिग्नल विभाग के गियर्स, रिले रूम तथा यार्ड का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

इसके बाद टीम ने अलीगढ़?मेहरावल खंड के समपार फाटक संख्या 110 का निरीक्षण कर सुरक्षा उपकरणों और परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की। वहीं डावर?खुर्जा खंड के बीच स्थित रेल पुल संख्या 171 की संरचनात्मक स्थिति और अनुरक्षण कार्यों का भी बारीकी से परीक्षण किया गया।

खुर्जा स्टेशन पर स्टेशन मास्टर कार्यालय, लॉबी, रनिंग रूम, रिले रूम, ट्रैक, पॉइंट एवं क्रॉसिंग तथा यार्ड का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा दादरी स्टेशन यार्ड के कर्व संख्या 19 की भी तकनीकी जांच कर ट्रैक सुरक्षा मानकों का मूल्यांकन किया गया।

ऑडिट के दौरान विभिन्न विभागों के उपकरणों के रखरखाव, सुरक्षा मानकों के पालन, कर्मचारियों को पर्याप्त विश्राम, समय-समय पर काउंसलिंग तथा नई तकनीकों के प्रभावी उपयोग की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन के लिए कर्मचारियों की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और संरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य पर्यावरण एवं ग्रह सज्जा प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता, उप मुख्य परिचालन प्रबंधक एन.पी. सिंह, मुख्य दूरसंचार इंजीनियर ए.के. राय, मुख्य विद्युत इंजीनियर एस.के. तिवारी, अपर मंडल रेल प्रबंधक एम.एम. वारिस, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी यू.सी. शुक्ला सहित प्रयागराज मंडल के शाखा अधिकारी और संबंधित पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

सेफ्टी ऑडिट के दौरान प्राप्त निष्कर्षों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा के लिए 6 जुलाई 2026 को अपराह्न 3 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के संकल्प सभागार में मंडलीय अधिकारियों के साथ फीडबैक एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।