रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर: नई नियमित ट्रेन सेवा शुरू, अमृत भारत विशेष ट्रेन चलेगी, कई ट्रेनों के ठहराव में बदलाव

प्रयागराज। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। इनमें आनंद विहार टर्मिनल से मऊ तक नई नियमित ट्रेन सेवा शुरू करने, अमृत भारत विशेष ट्रेन चलाने और वडोदरा यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के कारण कई ट्रेनों के ठहराव में बदलाव करने का निर्णय शामिल है।

सबसे महत्वपूर्ण निर्णय के तहत अब पहले विशेष ट्रेन के रूप में चल रही आनंद विहार टर्मिनल-बलिया सेवा को नियमित करते हुए आनंद विहार टर्मिनल-मऊ एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा। नई ट्रेन संख्या 14056 आनंद विहार टर्मिनल-मऊ एक्सप्रेस का नियमित संचालन 24 जून 2026 से शुरू होगा, जबकि 14055 मऊ-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस 25 जून 2026 से चलेगी। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। आनंद विहार से प्रत्येक बुधवार और मऊ से प्रत्येक गुरुवार को रवाना होगी। ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य, शयनयान, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित प्रथम श्रेणी सहित अन्य कोच शामिल रहेंगे। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, जंघई, जौनपुर, शाहगंज, खोरासन रोड, आजमगढ़ और मुहम्मदाबाद होते हुए मऊ पहुंचेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दानापुर से पुणे के बीच अमृत भारत एकतरफा विशेष ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 01332 दानापुर-पुणे अमृत भारत विशेष 19 जून 2026 को दानापुर से रवाना होगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे जिनमें शयनयान, सामान्य श्रेणी, एसएलआर और पैंट्री कार शामिल रहेंगे। यह ट्रेन आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, दौंड होते हुए पुणे पहुंचेगी।

इसके अलावा रेल प्रशासन ने वडोदरा स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते चल रहे नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कई ट्रेनों के ठहराव को वडोदरा जंक्शन से छायापुरी स्टेशन पर स्थानांतरित करने की अवधि में संशोधन किया है। इसके तहत सूबेदारगंज-बांद्रा टर्मिनस, बांद्रा टर्मिनस-सूबेदारगंज, कानपुर अनवरगंज-मुंबई सेंट्रल विशेष, आगरा कैंट-उधना विशेष, झांसी-बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट, प्रयागराज-दादर विशेष समेत कुल 12 ट्रेनों के ठहराव की तिथियों में बदलाव किया गया है। अब निर्धारित संशोधित तिथियों पर इन ट्रेनों का ठहराव वडोदरा की जगह छायापुरी स्टेशन पर होगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की समयसारिणी और ठहराव संबंधी जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।