उत्तर मध्य रेलवे को मिले नए प्रधान मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर, दीपक कुमार सिन्हा ने संभाला पदभार

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे में वरिष्ठ रेल अधिकारी दीपक कुमार सिन्हा ने नए प्रधान मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर के रूप में आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने यह जिम्मेदारी सतेन्द्र कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद संभाली है।

वर्ष 1992 बैच की भारतीय रेल सिग्नल इंजीनियरिंग सेवा के वरिष्ठ अधिकारी दीपक कुमार सिन्हा इससे पहले उत्तर मध्य रेलवे में मुख्य संकेत इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी में स्नातक श्री सिन्हा को रेल संचालन, योजना निर्माण तथा विशेष परियोजनाओं में तीन दशक से अधिक का व्यापक अनुभव प्राप्त है।

उन्होंने 18 जुलाई 2023 से 4 सितंबर 2025 तक झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के रूप में सफलतापूर्वक अपनी सेवाएं दीं। इसके अतिरिक्त उन्होंने उत्तर मध्य रेलवे में मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर (निर्माण), मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर (योजना), मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर (परियोजना), वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर, झांसी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।

सिन्हा ने रेल विद्युतीकरण केंद्रीय संगठन, प्रयागराज में भी जुलाई 2012 से जुलाई 2017 तक उप मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर के रूप में अपनी तकनीकी सेवाएं दीं। अपने शुरुआती कार्यकाल में उन्होंने पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेलवे संकेत व्यवस्था और दूरसंचार नेटवर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने वहां लुमडिंग, तिनसुकिया, मरियानी और गुवाहाटी में भी कई महत्वपूर्ण निर्माण एवं परिचालन पदों पर कार्य किया।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि अपनी उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, तकनीकी दक्षता और रेलवे आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण की स्पष्ट सोच के लिए पहचाने जाने वाले दीपक कुमार सिन्हा के नेतृत्व में उत्तर मध्य रेलवे में रेल सुरक्षा सुधार, आधुनिक संकेत व्यवस्था और डिजिटल दूरसंचार परियोजनाओं को नई गति मिलेगी। इससे यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।