मुरादाबाद में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, तड़के चेकिंग अभियान में दो स्थानों पर पकड़ी गई विद्युत चोरी

मुरादाबाद। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग ने सख्त अभियान चलाते हुए मुरादाबाद के असालतपुरा क्षेत्र में तड़के विशेष चेकिंग अभियान चलाया। रेड एवं विजिलेंस की संयुक्त टीम ने इस दौरान दो स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी और संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी।

अधिशासी अभियंता के निर्देशन में 3 जुलाई की देर रात लगभग 3:15 बजे से 4:00 बजे तक इस्लाम नगर गली नंबर-6 और असालतपुरा क्षेत्र में अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान करीब 10.358 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई।

जांच में एक स्थान पर 5.268 किलोवाट भार की बिजली केबिल डालकर चोरी करते हुए पाई गई, जबकि दूसरे स्थान पर 5.09 किलोवाट भार की बिजली अलग से केबिल डालकर चोरी की जा रही थी। दोनों मामलों का मौके पर ही दस्तावेजीकरण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है। विभाग ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली चोरी न करें और न ही किसी को ऐसा करने दें। यदि कहीं बिजली चोरी की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दें, ताकि सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।