सियालदह मंडल ने उपनगरीय रेल नेटवर्क का किया बड़ा विस्तार, 6 जुलाई से शुरू होंगी नई लोकल सेवाएं

कोलकाता। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या और व्यस्त समय में ट्रेनों में होने वाली भीड़ को कम करने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे के पूर्व रेलवे अंतर्गत सियालदह मंडल ने उपनगरीय रेल नेटवर्क के बड़े विस्तार की घोषणा की है। मंडल प्रशासन ने कई नई लोकल ट्रेन सेवाएं शुरू करने और मौजूदा ट्रेनों के विस्तार का फैसला लिया है। यह नई व्यवस्था 6 जुलाई 2026 से लागू होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस योजना का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, आरामदायक और भरोसेमंद यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि भीड़भाड़ कम हो और दैनिक यात्रियों को राहत मिल सके।

सियालदह-बारासात रेलखंड पर नई वातानुकूलित लोकल ट्रेन

यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा सुविधा देने के लिए सियालदह-बारासात रेलखंड पर नई वातानुकूलित ईएमयू लोकल ट्रेन शुरू की जा रही है। यह ट्रेन सियालदह से सुबह 10 बजकर 33 मिनट पर रवाना होगी और वापसी में बारासात से 11 बजकर 29 मिनट पर चलेगी। रास्ते में यह ट्रेन बिधाननगर रोड, दमदम जंक्शन, दमदम कैंटोनमेंट, बिराटी और मध्यमग्राम स्टेशनों पर रुकेगी।

हासनाबाद रूट पर मेट्रो संपर्क होगा बेहतर

हासनाबाद जाने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए ट्रेन संख्या 33319 अब बारासात के बजाय दमदम कैंटोनमेंट स्टेशन से शाम 5 बजकर 24 मिनट पर रवाना होगी और रात 7 बजकर 20 मिनट पर हासनाबाद पहुंचेगी। इससे यात्रियों को मेट्रो सेवा से बेहतर संपर्क मिलेगा।

डायमंड हार्बर सेक्शन में अतिरिक्त ट्रेनें

सियालदह-डायमंड हार्बर रेलखंड पर शाम के व्यस्त समय में दो नई लोकल सेवाएं शुरू की जाएंगी। एक ट्रेन सियालदह से शाम 6 बजकर 20 मिनट पर डायमंड हार्बर के लिए चलेगी, जबकि दूसरी ट्रेन डायमंड हार्बर से रात 8 बजकर 20 मिनट पर सोनारपुर के लिए रवाना होगी। इसके अलावा विशेष ट्रेनों के रूप में चल रही सेवाओं को नियमित किया जाएगा।

कैनिंग और लक्ष्मीकांतपुर तक बढ़ेगी सुविधा

सियालदह-सोनारपुर लोकल ट्रेन को अब कैनिंग तक बढ़ाया जाएगा। यह ट्रेन सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर सियालदह से चलेगी। इसके अलावा कैनिंग से सोनारपुर के बीच नई लोकल सेवा भी शुरू होगी। वहीं सियालदह-बारुईपुर लोकल अब लक्ष्मीकांतपुर तक संचालित होगी, जिससे यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी।

कृष्णनगर और आमघाटा के यात्रियों को बड़ी राहत

देर रात कृष्णनगर जाने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सियालदह-रानाघाट लोकल ट्रेन को अब प्रयोगात्मक तौर पर कृष्णनगर तक बढ़ाया जाएगा। यह ट्रेन रात 10 बजकर 8 मिनट पर सियालदह से रवाना होकर रात 12 बजकर 23 मिनट पर कृष्णनगर पहुंचेगी।

इसके अलावा रानाघाट-शांतिपुर-कृष्णनगर लोकल ट्रेन को आमघाटा तक विस्तारित किया जा रहा है। इससे दिगनगर क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें सियालदह व शांतिपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों से बेहतर संपर्क मिलेगा।

सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि यह नई योजना यात्रियों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसका उद्देश्य भीड़भाड़ कम करना, यात्रियों को आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना और मेट्रो से बेहतर संपर्क सुनिश्चित करना है।

रेलवे के इस फैसले से कोलकाता और आसपास के लाखों दैनिक यात्रियों को आने वाले दिनों में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।