SP के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, 2 जगह से 10 किलो से अधिक हेरोइन बरामद, 1.40 लाख रुपये नकद और स्विफ्ट कार जब्त, महिला सहित 3 तस्कर गिरफ्तार

श्रीगंगानगर SP हरी शंकर के निर्देश पर चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत जैतसर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अनूपगढ़-सूरतगढ़ मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान करीब 9 किलो 908 ग्राम हेरोइन, 1 लाख 40 हजार रुपये नकद तथा एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की मात्रा को देखते हुए यह कार्रवाई क्षेत्र की बड़ी उपलब्धियों में गिनी जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार 27 जून की सुबह जैतसर थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि पंजाब से राजस्थान की ओर एक स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में हेरोइन की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी गोविंदराम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और अनूपगढ़-सूरतगढ़ मुख्य सड़क पर 6 जीबी क्षेत्र के निकट नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।

नाकाबंदी के दौरान पंजाब नंबर PB-37-K-1579 की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रुकने का संकेत दिया लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज गति से कार भगाने का प्रयास किया। आरोपियों ने पुलिस की नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश की तथा पुलिस वाहन को टक्कर मार दी जिससे पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बावजूद पुलिस टीम ने पीछा कर कार को घेर लिया और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र सिंह उर्फ बब्बू पुत्र मोहन सिंह निवासी बेहनी गुजरां, थाना सिधवां बेट, जिला लुधियाना (पंजाब) तथा जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी पुत्र दातार सिंह निवासी सलेमपुरा पुलिस थाना समेजा कोठी, जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई।

पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर आगे की सीट के पास रखा एक पीठू बैग बरामद हुआ। बैग में 20 पैकेट मिले जिनमें संदिग्ध मादक पदार्थ भरा हुआ था। जांच और वजन करने पर प्रत्येक पैकेट में हेरोइन पाई गई तथा कुल वजन 9 किलो 908 ग्राम निकला। पुलिस ने मौके पर ही नियमानुसार नमूने लेकर शेष माल को जब्त कर लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस को 1 लाख 40 हजार रुपये नकद, कई मोबाइल फोन, आधार कार्ड, वोटर कार्ड तथा अन्य दस्तावेज भी मिले। पुलिस का मानना है कि बरामद नकदी हेरोइन की सप्लाई और तस्करी से जुड़ी हो सकती है। जब्त किए गए मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

एफआईआर में दर्ज तथ्यों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस को संदेह है कि यह तस्करी नेटवर्क पंजाब, राजस्थान और अन्य राज्यों तक फैला हुआ हो सकता है। मामले में कुछ अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के नाम भी जांच में सामने आए है जिनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 एवं 25 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 132, 125, 281, 324(5) और 324(6) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ की जाएगी। इसी अभियान के तहत दूसरी कार्रवाई में सूचना के आधार पर समेजा कोठी थाना पुलिस ने तस्कर जसविन्द्र जस्सी के घर दबिश देकर जसविन्द्र की पत्नि नवजोत कौर को हिरासत में ले लिया है।

क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की बरामदगी से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है। जैतसर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।