ANTF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 166 ग्राम चिट्टा सहित 3 तस्कर गिरफ्तार

श्रीगंगानगर एसपी हरी शंकर के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF टीम और रायसिंहनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रावला के तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 166 ग्राम अवैध मादक पदार्थ चिट्टा बरामद कर तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है।

बस स्टैंड पर गश्त के दौरान पकड़े गए आरोपी....

सीओ हनुमान सिंह के निर्देशन में ANTF और रायसिंहनगर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम गश्त के दौरान अनूपगढ़ रोड पर इच्छापूर्ण श्री बालाजी धाम ठाकरी बस स्टैंड के पास पहुंची। वहां संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 166 ग्राम चिट्टा मिला।

ये तीन आरोपी हुए गिरफ्तार....

पुलिस ने कार सवार तीनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान अनुज कुमार पुत्र अशोक कुमार बिश्नोई निवासी वार्ड 7 रावला, संजय उर्फ सेठी पुत्र धर्मवीर बिश्नोई निवासी गांव 12 KND और कृष्ण उर्फ राहुल पुत्र महावीर प्रसाद निवासी वार्ड 17 रावला के रूप में हुई है।

NDPS एक्ट में मामला दर्ज, गजसिंहपुर थाना अधिकारी को सौंपी जांच....

पुलिस ने तीनों तस्करों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच गजसिंहपुर थाना अधिकारी शालू बिश्नोई को सौंपी गई है। पुलिस अब तस्करों से पूछताछ कर नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।