निर्जला एकादशी पर मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, जगह-जगह लगी शीतल जल की छबीलें

निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को पूरे देश के साथ ही श्रीगंगानगर जिले में भक्ति और सेवा का माहौल रहा। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और जगह-जगह शीतल जल की छबीलें लगाई गईं।

मंदिरों में सुबह से लगा रहा भक्तों का तांता....

जिले भर के मंदिरों में निर्जला एकादशी पर भगवान के दर्शन, पूजन और व्रत के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। पूरे दिन धार्मिक आयोजनों, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का दौर जारी रहा जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।

गर्मी को देखते हुए जगह-जगह लगी छबीलें....

भीषण गर्मी को देखते हुए रेल जल सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों ने जिले के रेलवे स्टेशनों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और मंदिरों के बाहर शीतल जल, शरबत और ठंडे पेय पदार्थों की छबीलें लगाईं। राहगीरों और श्रद्धालुओं ने जल सेवा का लाभ उठाया और सेवा कार्यों की सराहना की।

पूरे दिन जिले में निर्जला एकादशी को लेकर श्रद्धा और सेवा का संगम देखने को मिला।