शहीद पत्रकार वीरेश कुमार गुप्ता की 22वीं पुण्यतिथि 27 जून को, दरियावगंज में होगा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

कासगंज। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पूर्व जिला महामंत्री एवं शहीद पत्रकार वीरेश कुमार गुप्ता की 22वीं पुण्यतिथि 27 जून को थाना दरियावगंज स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा के रूप में मनाई जाएगी। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि देंगे।

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष रामनरेश सिंह चौहान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि निर्भीक एवं निडर पत्रकार वीरेश कुमार गुप्ता की 27 जून 2004 को एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। तभी से ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन प्रत्येक वर्ष 27 जून को उनकी पुण्यतिथि मनाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेता है।

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अनूप सिंह चौहान ने बताया कि संगठन के प्रदेश, मंडल, जिला एवं तहसील स्तर के पदाधिकारी 27 जून को सुबह आठ बजे थाना दरियावगंज स्थित शहीद पत्रकार वीरेश कुमार गुप्ता की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर पुष्प अर्पित करेंगे और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देंगे।

उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से 27 जून को सुबह आठ बजे कैंप कार्यालय, पटियाली पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। यहां से सभी पदाधिकारी एवं सदस्य एक साथ थाना दरियावगंज के लिए प्रस्थान करेंगे और श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे।