राशन नहीं मिलने की शिकायत पर उचित मूल्य दुकान सीलबंद

राजगढ़। जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में ग्राम बघेली, ग्राम पंचायत रुपपुरा निवासी सुल्तान सिंह ने राशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने तत्काल दूरभाष के माध्यम से कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को जांच के निर्देश दिए।

निर्देशों के पालन में की गई जांच के दौरान शासकीय उचित मूल्य दुकान रुपपुरा में अनियमितताएं पाई गईं। जांच प्रतिवेदन के आधार पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी खिलचीपुर द्वारा कार्रवाई करते हुए शासकीय उचित मूल्य दुकान रुपपुरा को सीलबंद कर दिया गया।

प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष का माहौल है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।