सहयोगी पत्रकार संगठन ने की शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात ।

भोपाल।सहयोगी पत्रकार संगठन के पदाधिकारियों ने भोपाल पहुंचकर केंद्रीय कृषि मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान राजगढ़ जिले से जुड़े विभिन्न समसामयिक एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

पत्रकारों ने जिले में कृषि, सिंचाई, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग भी रखी गई।

शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों द्वारा रखे गए सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके निराकरण के लिए उचित पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं तथा जनभावनाओं को सरकार तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

मुलाकात में सहयोगी पत्रकार संगठन के जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार रामबाबू गौड़, पत्रकार सुनील कारपेंटर, नितेश बैरागी सहित संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।