मिशन 2027 की तैयारी में जुटी सपा, पांडेपुर बाजार में सेक्टर प्रभारी व बूथ अध्यक्षों की बैठक आयोजित

मुगलसराय। समाजवादी पार्टी विधानसभा 380 मुगलसराय के तत्वावधान में रविवार को पांडेपुर बाजार में सेक्टर प्रभारी, बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) जन चौपाल कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सपा प्रत्याशी एवं नियामताबाद के पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाबूलाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समान भागीदारी, संविधान की रक्षा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिशन 2027 को सफल बनाने के लिए पार्टी की जनहितकारी नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पीडीए की एकजुटता सामाजिक बदलाव और मजबूत लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं का स्नेह, समर्थन और विश्वास ही पार्टी की ऊर्जा का स्रोत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक में प्रेमनाथ तिवारी, जितेंद्र मौर्य, राम आश्रम मौर्य, पारस बिंद, डॉ. उदय नारायण बिंद, श्याम लाल गुप्ता, लखेंद बियार, तेजबली यादव, शिवकुमार माली, राधे बियार, लालबाबू, भोला बिंद, अंबिका बिंद, बेचन चमार, रामसकल यादव, रामजनम यादव, कमला यादव, सज्जब अली, राम भरोसा प्रधान, नंदन यादव तथा श्यामलाल यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।