अलीनगर में समय से पहले शराब ठेके पर बिक रहा शराब ,पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका पर उठे सवाल

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के आलूमिल स्थित देशी शराब ठेका पर निर्धारित समय से पहले शराब बिक्री की सूचना ने स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शासन द्वारा शराब दुकानों के संचालन के लिए तय समय-सारिणी के बावजूद खुलेआम नियमों के उल्लंघन की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ठेका तय समय से पहले खुल रहा है तो यह बिना निगरानी या संरक्षण के संभव नहीं दिखता। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अलीनगर पुलिस और क्षेत्रीय आबकारी इंस्पेक्टर को इसकी जानकारी नहीं, या फिर शिकायतों के बावजूद अनदेखी की जा रही है?

मामला केवल समय से पहले शराब बिक्री का नहीं, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही का भी है। आबकारी विभाग जहां नियम पालन सुनिश्चित करने का दावा करता है, वहीं जमीनी हकीकत उन दावों को चुनौती देती दिख रही है। यदि नियमों की खुलेआम अवहेलना हो रही है तो जिम्मेदार अफसरों की चुप्पी कई सवाल छोड़ रही है।

यह सिर्फ एक ठेके की मनमानी नहीं, बल्कि निगरानी तंत्र की निष्क्रियता का संकेत है। आखिर स्थानीय पुलिस की गश्त और आबकारी निरीक्षण के बावजूद यह खेल कैसे जारी है? अब निगाहें इस पर हैं कि प्रशासन जांच कर कार्रवाई करता है या सवाल यूं ही दबा दिए जाएंगे।