गैस-तेल बचाने की मुहिम में महिलाओं को जोड़ा, भाजपा महिला मोर्चा ने चलाया जागरूकता अभियान

नियामताबाद । नारी शक्ति संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम के तहत शनिवार को मुगलसराय के चकिया मोड़ स्थित एक रेस्टोरेंट में महिलाओं की सहभागिता के साथ गैस, तेल एवं खाद्य संसाधनों के संरक्षण पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में महिलाओं को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए ईंधन की बचत के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन संरक्षण राष्ट्रीय आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे सप्ताह में कम से कम दो दिन बिना ईंधन जलाए भोजन की व्यवस्था करें। इसके लिए फल, सलाद, अंकुरित अनाज और कच्ची सब्जियों का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे गैस और ईंधन की बचत होगी, साथ ही स्वास्थ्य को भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशहित में अनेक ऐतिहासिक कार्य कर रहे हैं और उनके प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक वर्ग की है। उन्होंने महिलाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की संयोजक भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष चंदौली डॉ. गीता कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है तथा महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सशक्त बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में ईंधन संरक्षण, खाद्य संसाधनों के समुचित उपयोग, घरेलू स्तर पर अपव्यय रोकने तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े स्तर पर ऊर्जा की बचत संभव है और इसमें महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर सभासद निधि तिवारी, सपना, ज्योति जायसवाल, अजय केसरी, राजकुमार जायसवाल, मीना, मालती देवी, सरिता देवी, सलोनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका तिवारी ने किया। अध्यक्षता मालती गुप्ता ने की, जबकि अंत में डॉ. गीता कुमारी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।