रेलवे का बड़ा फैसला: यार्ड रिमॉडलिंग और स्टेशन पुनर्विकास कार्य के चलते कई ट्रेनों के मार्ग, टर्मिनल और संचालन में बदलाव

प्रयागराज। यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे अवसंरचना को आधुनिक बनाने के लिए विभिन्न मंडलों में चल रहे निर्माण एवं पुनर्विकास कार्यों के कारण कई ट्रेनों के मार्ग, टर्मिनल और संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांचने की अपील की है।

रतलाम मंडल में यार्ड रिमॉडलिंग के कारण ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन

रतलाम मंडल के लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है।

14116 प्रयागराज-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस 10 जून 2026 से उज्जैन-देवास-लक्ष्मीबाई नगर-इंदौर मार्ग से संचालित होगी।

14115 डॉ. अंबेडकर नगर-प्रयागराज एक्सप्रेस 11 जून 2026 से इंदौर-लक्ष्मीबाई नगर-देवास-उज्जैन मार्ग से चलेगी।

21126 भिंड-रतलाम एक्सप्रेस 10 जून 2026 से उज्जैन-फतेहाबाद-रतलाम मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन का देवास और इंदौर स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा।

11125 रतलाम-ग्वालियर एक्सप्रेस 11 जून 2026 से रतलाम-फतेहाबाद-उज्जैन मार्ग से संचालित होगी तथा इंदौर और देवास स्टेशन पर नहीं रुकेगी।

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य का असर

प्रयागराज मंडल के कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के तहत प्लेटफॉर्म संख्या 2, 3, 4 और 5 पर पावर ब्लॉक लिए जाने के कारण कुछ ट्रेनों का आंशिक निरस्तीकरण और ओरिजिनेशन किया गया है।

64630 फफूंद-कानपुर सेंट्रल, 64645 खजुराहो-कानपुर सेंट्रल तथा 64593 फतेहपुर-कानपुर सेंट्रल ट्रेनें 10 जुलाई से 24 जुलाई 2026 और 24 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित स्टेशनों तक ही संचालित होंगी। इनमें कुछ ट्रेनें गोविंदपुरी तथा चंदारी स्टेशन तक सीमित रहेंगी।

प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर टर्मिनल में बदलाव

प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर बैलेस्ट-लेस ट्रैक निर्माण कार्य के कारण 11274 प्रयागराज छिवकी-इटारसी एक्सप्रेस का टर्मिनल अस्थायी रूप से बदला गया है।

यह ट्रेन 9 जून और 10 जून 2026 को प्रयागराज छिवकी के बजाय नैनी स्टेशन से रात 9:00 बजे प्रस्थान करेगी। टर्मिनल परिवर्तन के कारण ट्रेन को पुनर्निर्धारित (रीशेड्यूल) किया गया है और नैनी से मानिकपुर तक कई स्टेशनों पर इसके समय में परिवर्तन किया गया है। हालांकि मानिकपुर के बाद मार्ग के अन्य स्टेशनों पर समय में कोई बदलाव नहीं होगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक सूचना प्रणाली से ट्रेन की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।