अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस पर प्रयागराज मंडल का विशेष अभियान, लोगों को रेल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

प्रयागराज। अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा समपार फाटकों पर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी यू.सी. शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य सड़क और रेल उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना था।

अभियान के तहत प्रयागराज मंडल के विभिन्न समपार फाटकों पर नुक्कड़ नाटक, पम्पलेट वितरण और आमजन की काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को समपार फाटकों पर सुरक्षा नियमों का पालन करने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

विशेष रूप से प्रयागराज छिवकी-लिंक जंक्शन के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या-34 तथा नैनी यार्ड स्थित समपार फाटक संख्या-35आर सहित कई स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को रेल फाटक पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया गया।

रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि बंद समपार फाटक को पार करने का प्रयास न करें, चेतावनी संकेतों और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें तथा रेलगाड़ी के आने-जाने के दौरान पूर्ण सावधानी बरतें। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लापरवाही के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और उनके गंभीर परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

प्रयागराज मंडल प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता और निरंतर जागरूकता के माध्यम से समपार फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। मंडल प्रशासन ने सभी नागरिकों से रेल सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में रेलवे सुरक्षा अभियान में सहयोग देने की अपील की है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा सके और रेल यात्रा को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।