मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, अचार, मुरब्बा, सॉस व मसालों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, अचार, मुरब्बा, सॉस व मसालों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।

जांच अभियान के दौरान विभागीय टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित दुकानों और प्रतिष्ठानों से अचार, मुरब्बा, टमाटर सॉस, मसाले, सरसों तेल, मेयोनीज सहित अन्य खाद्य उत्पादों के नमूने लिए। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई।

अभियान में कुल 12 नमूने संग्रहित किए गए, जिनमें 9 नमूने विश्लेषण हेतु तथा 11 नमूने सर्विलांस जांच के लिए सुरक्षित किए गए। जांच के दौरान करीब 4285 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 69 हजार 755 रुपये आंकी गई, को परीक्षण के दायरे में लिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या मानक के विपरीत गुणवत्ता पाई जाती है तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता और पैकिंग पर विशेष ध्यान दें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट की सूचना संबंधित विभाग को दें।