मुरादाबाद मुख्य विकास अधिकारी ने किया स्कूलों का निरीक्षण, साफ-सफाई और शत-प्रतिशत नामांकन के दिए निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने किया स्कूलों का निरीक्षण, साफ-सफाई और शत-प्रतिशत नामांकन के दिए निर्देश

मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत नगर क्षेत्र में संचालित कम्पोजिट विद्यालय गांधी पार्क तथा प्राथमिक विद्यालय मानपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालय संचालित पाए गए। ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय खुलने के पहले दिन छात्र-छात्राओं के लिए मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत विशेष रूप से खीर उपलब्ध कराई गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालयों के कक्षा-कक्षों, शौचालयों तथा हैंडवॉश क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने और नामांकन अभियान में तेजी लाने पर जोर दिया।

उन्होंने निर्देशित किया कि 06 वर्ष पूर्ण कर चुके सभी बच्चों का कक्षा-1 में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे और सभी बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शिक्षा विभाग बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करे और प्रत्येक पात्र बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित की जाए।