डेगाना रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर नई इमारत में स्थानांतरित, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा

डेगाना रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर नई इमारत में स्थानांतरित, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा

जोधपुर। यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डेगाना रेलवे स्टेशन पर लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्टेशन का टिकट बुकिंग काउंटर अब नई स्टेशन इमारत में स्थानांतरित कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को टिकट लेने में पहले से अधिक सहूलियत मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि नया टिकट बुकिंग कार्यालय स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास शुरू कर दिया गया है। अब यात्रियों को टिकट लेने के लिए पुराने बुकिंग कार्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा। यहां आरक्षित और अनारक्षित दोनों प्रकार के टिकटों की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूछताछ काउंटर को भी नई स्टेशन इमारत में स्थानांतरित कर दिया गया है। नई व्यवस्था लागू होने से यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन को भी अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार मुख्य प्रवेश क्षेत्र में टिकट काउंटर होने से यात्रियों का समय बचेगा और उन्हें पहले से बेहतर सुविधा मिलेगी। स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के अंतर्गत भविष्य में अन्य आधुनिक यात्री सुविधाएं भी चरणबद्ध तरीके से विकसित की जाएंगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत डेगाना रेलवे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने का कार्य तेजी से जारी है और आने वाले समय में यहां यात्रियों को कई नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।