नौ माह बाद पटरी पर लौटी जन्मभूमि साप्ताहिक एक्सप्रेस, यात्रियों में खुशी

जोधपुर। करीब नौ महीने से बंद पड़ी भावनगर टर्मिनस-शहीद कप्तान तुषार महाजन-भावनगर टर्मिनस जन्मभूमि साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन रेलवे ने पुनः शुरू कर दिया है। लंबे इंतजार के बाद ट्रेन के दोबारा शुरू होने से गुजरात, राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में कठुआ-माधोपुर रेलखंड के बीच तकनीकी समस्या के कारण ट्रेन संख्या 19107/19108 जन्मभूमि साप्ताहिक एक्सप्रेस को 1 सितंबर 2025 से रद्द कर दिया गया था। यह ट्रेन 31 मई 2026 तक निरस्त रही। अब आवश्यक कार्य पूर्ण होने के बाद 7 जून 2026 से ट्रेन का संचालन पुनः बहाल कर दिया गया है।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 19107 भावनगर टर्मिनस-शहीद कप्तान तुषार महाजन साप्ताहिक एक्सप्रेस रविवार को अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई, जबकि वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 19108 शहीद कप्तान तुषार महाजन-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन 8 जून से पूर्व निर्धारित समय और सभी निर्धारित ठहरावों के साथ शुरू हो गया है।

यह महत्वपूर्ण रेल सेवा प्रत्येक रविवार को भावनगर टर्मिनस से तथा प्रत्येक सोमवार को शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशन से संचालित होती है। ट्रेन अपने मार्ग में विरमगाम, गांधीनगर कैपिटल, महेसाणा, आबू रोड, जोधपुर, फलोदी, लालगढ़, बठिंडा, फिरोजपुर और जम्मू तवी सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरती है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन के पुनः संचालन से चार राज्यों के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर क्षेत्र के यात्रियों को लंबे समय बाद इस महत्वपूर्ण सीधी रेल सेवा का लाभ मिलने से आवागमन और अधिक सुगम होगा। यात्रियों ने भी ट्रेन सेवा बहाल होने पर खुशी व्यक्त करते हुए रेलवे के निर्णय का स्वागत किया है।