जोधपुर रेलवे स्टेशन के बाहर जलभराव से राहत, नई सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा

जोधपुर रेलवे स्टेशन के बाहर जलभराव से राहत, नई सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा

जोधपुर। जोधपुर रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में पिछले 10 से 15 वर्षों से मानसून के दौरान बनी रहने वाली जलभराव की समस्या का रेलवे प्रशासन ने स्थायी समाधान कर दिया है। यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां नई सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। अब बारिश के दौरान स्टेशन परिसर में पानी भरने और उसके प्लेटफॉर्म व रेल पटरियों तक पहुंचने की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि स्टेशन परिसर में जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह कार्य कराया गया है। निर्माण के तहत सड़क की ऊंचाई मौजूदा सड़क से लगभग 8 से 12 इंच तक बढ़ाई गई है, जिससे बरसात के पानी का बहाव नियंत्रित रहेगा और जलभराव की स्थिति नहीं बनेगी।

मुख्य प्रवेश द्वार से भगत की कोठी साइड स्थित मल्टी लेवल कार पार्किंग तक लगभग 300 फुट लंबी और 100 फुट चौड़ी सीमेंट कंक्रीट सड़क तैयार की गई है। इस कार्य पर करीब 20 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसके साथ ही वर्षा जल निकासी के लिए अलग-अलग स्थानों पर 5 से 7 हौदियों का निर्माण भी कराया गया है, जिससे बारिश का पानी सीधे नालों तक पहुंच सकेगा।

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता के सभी निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि यह व्यवस्था लंबे समय तक प्रभावी बनी रहे। इससे मानसून के दौरान स्टेशन परिसर में यात्रियों और कर्मचारियों का आवागमन सुगम होगा तथा बुकिंग हॉल, प्लेटफॉर्म और रेल पटरियों तक पानी पहुंचने की समस्या में काफी कमी आएगी।

इसके अलावा जोधपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के तहत ऑटो रिक्शा स्टैंड वाली सड़क के उन्नयन का प्रस्ताव भी शामिल किया गया है। रेलवे के इस प्रयास से आगामी मानसून में यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।