अहमदाबाद मंडल में रेल सुरक्षा को बड़ी मजबूती, कवच 4.0 से होगा पूरा नेटवर्क लैस

अहमदाबाद मंडल में रेल सुरक्षा को बड़ी मजबूती, कवच 4.0 से होगा पूरा नेटवर्क लैस

भारतीय रेल ने रेल सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में अत्याधुनिक स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली कवच 4.0 के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के तहत अहमदाबाद मंडल के 598 रूट किलोमीटर में फैले 48 ब्लॉक सेक्शनों पर ₹140 करोड़ की लागत से कवच प्रणाली स्थापित की जाएगी।

मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद वेद प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले मंडल के लगभग 702 रूट किलोमीटर पर कवच कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है। नई मंजूरी के बाद अहमदाबाद मंडल का शेष नेटवर्क भी इस सुरक्षा प्रणाली के दायरे में आ जाएगा। इसके साथ ही मंडल का पूरा 1300 रूट किलोमीटर नेटवर्क कवच 4.0 से पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगा।

कवच भारतीय रेल द्वारा विकसित एक अत्याधुनिक और स्वदेशी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (ATP) प्रणाली है, जिसका मुख्य उद्देश्य रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाना है। यह तकनीक सिग्नल पासिंग एट डेंजर जैसी घटनाओं को रोकने, जरूरत पड़ने पर स्वतः ब्रेक लगाने, संवेदनशील परिस्थितियों में ट्रेन की गति नियंत्रित करने और रेल दुर्घटनाओं व टक्कर के जोखिम को काफी हद तक कम करने में सक्षम है।

भारतीय रेल लगातार यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने नेटवर्क पर चरणबद्ध तरीके से कवच प्रणाली का विस्तार कर रही है। अहमदाबाद मंडल में कवच 4.0 का शत-प्रतिशत विस्तार न केवल यात्रियों की सुरक्षा को नई मजबूती देगा, बल्कि आधुनिक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर रेलवे के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी साबित होगा।