उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक अमिताभ ने किया बालोतरा स्टेशन का निरीक्षण, कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन

उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक अमिताभ ने किया बालोतरा स्टेशन का निरीक्षण, कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने गुरुवार को जोधपुर मंडल के बालोतरा रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने नवनिर्मित अधिकारी विश्राम गृह का उद्घाटन किया तथा रेलवे आवासीय कॉलोनी के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण होने पर उसका लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित आवासीय कॉलोनी रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वच्छ, सुरक्षित तथा बेहतर जीवन-पर्यावरण प्रदान करेगी। कॉलोनी में हरित क्षेत्र, उद्यान, बच्चों के पार्क सहित कई आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

महाप्रबंधक ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालोतरा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। करीब 19.88 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का आधुनिकीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया गया है। वर्तमान में केवल पार्किंग क्षेत्र की मार्किंग का कार्य शेष है, जबकि अन्य सभी निर्माण एवं विकास कार्य पूरे हो चुके हैं।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए महाप्रबंधक एवं अधिकारियों ने रेलवे परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने नवनिर्मित रेलवे आवासीय कॉलोनी का निरीक्षण कर कर्मचारियों के आवासों का अवलोकन किया। कर्मचारियों ने बेहतर आवासीय सुविधाओं के लिए रेलवे प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर "संवाद से समाधान" पहल के अंतर्गत पुनर्विकसित रेल आवासीय परिसर, अभिरुचि केन्द्र एवं बाल वाटिका का उद्घाटन भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की आधारभूत सुविधाओं तथा कल्याण संबंधी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के दौरान स्टेशन एवं कॉलोनी निरीक्षण, स्वच्छता अभियान, सुरक्षा संगोष्ठी, स्वास्थ्य जांच शिविर, मनोवैज्ञानिक एवं कैरियर परामर्श, शिकायत निवारण शिविर, व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, ओपन जिम और बाल पार्क का उद्घाटन, वृक्षारोपण तथा कला, खेल एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया तथा कॉलोनी कल्याण समिति का गठन किया गया।

कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा डॉ. अंजू तथा जोधपुर मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा निष्ठा त्रिपाठी भी उपस्थित रहीं। इस दौरान रेलवे स्टेशन एवं रेल कॉलोनियों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए वार्षिक कार्ययोजना भी जारी की गई, जिसके तहत विभिन्न परिसरों का चरणबद्ध उन्नयन किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता अमित स्वामी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार, वरिष्ठ मंडल अभियंता विक्रम सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं रेलकर्मी उपस्थित रहे।