विश्व पर्यावरण दिवस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 रेलकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर किया गया सम्मानित

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 रेलकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने इन कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं गृह रखरखाव प्रबंधक विक्रम सिंह कोली भी उपस्थित रहे।

सम्मानित होने वाले कर्मचारियों में पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था शाखा के 11 कर्मचारी तथा भारत स्काउट एवं गाइड के 10 सदस्य शामिल रहे। इन सभी ने अभियान के दौरान रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अभियान के दौरान भारत स्काउट एवं गाइड टीम ने विशेष सक्रियता दिखाते हुए नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियां, वृक्षारोपण अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों, रेल कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत प्रयागराज मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों, कार्यालय परिसरों और रेलवे कॉलोनियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही प्लास्टिक उन्मूलन, कचरा प्रबंधन, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ और हरित रेलवे परिसर बनाने का संदेश व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन तक सीमित विषय नहीं हैं, बल्कि यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें हर कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से स्वच्छता को अपनी कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमेशा सजग रहने की अपील की।

कार्यक्रम में आर.के. राय, के. नारायण, एम.के. कनौजिया, धनंजय कुमार सिंह, गुलरेज फरीदी, अजय कुमार, संजय कुमार, हिमांशु मिश्रा, कौशल कुमार और संजय पांडेय सहित कुल 21 रेलकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

रेलवे प्रशासन की यह पहल यह संदेश देती है कि स्वच्छ वातावरण, हरित परिसर और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है और इसके लिए सामूहिक प्रयास ही सफलता की कुंजी है।