कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए प्रयागराज मंडल ने चलाईं एग्जाम स्पेशल ट्रेनें, स्टेशनों पर रहे विशेष इंतजाम

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज मंडल ने सोमवार को विशेष रेल व्यवस्थाएं लागू कीं। परीक्षार्थियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कई एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया, जबकि प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा, निगरानी और यात्री सहायता के व्यापक इंतजाम किए गए।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल समेत अन्य प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष व्यवस्था की गई। मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई और अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन तथा यात्री सुविधाओं का लगातार जायजा लिया।

रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज जंक्शन से बांदा तथा कानपुर सेंट्रल से झांसी और लखनऊ के लिए एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया। वहीं कानपुर सेंट्रल-लखनऊ मेमू ट्रेन को भी पुनर्निर्धारित समय पर चलाया गया, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिल सके।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सुरक्षा कर्मियों ने लगातार निगरानी रखी। इसके अलावा वाणिज्य विभाग, टिकट जांच स्टाफ और हेल्प डेस्क कर्मियों ने अभ्यर्थियों को प्लेटफॉर्म, ट्रेन समय और अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराईं।

भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया गया तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को लगातार आवश्यक सूचनाएं दी जाती रहीं। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर में स्वच्छता, मार्गदर्शन और अन्य सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर अभ्यर्थियों को बेहतर यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। एग्जाम स्पेशल ट्रेनों के संचालन से हजारों अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सहायता मिली और उनकी यात्रा अधिक सुगम बनी।