विश्व पर्यावरण दिवस पर उत्तर मध्य रेलवे के रेलगाँव में हुआ वृहद पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस पर उत्तर मध्य रेलवे के रेलगाँव में हुआ वृहद पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

प्रयागराज। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे द्वारा रेलगाँव कॉलोनी में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार 15 मई से 5 जून 2026 तक आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़े के समापन अवसर पर यह विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्काउट-गाइड के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी, विभिन्न विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रेलगाँव कॉलोनी स्थित मियावाकी स्थल पर पौधारोपण किया। इस दौरान आम्रपाली आम, सुर्खा लाल अमरूद, अंगूर, आंवला, नींबू, कटहल, इलायची, तेजपत्ता और दालचीनी सहित लगभग 100 पौधे लगाए गए।

पौधारोपण के बाद स्काउट एवं गाइड टीम के बच्चों ने पृथ्वी बचाओ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने तथा प्लास्टिक एवं प्लास्टिक से बनी वस्तुओं के उपयोग को कम करने का संदेश दिया। वहीं प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आयोजन में सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

उत्तर मध्य रेलवे द्वारा आयोजित इस पर्यावरण पखवाड़े के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इनमें पर्यावरण विषयक प्रतियोगिताएं, श्रमदान, सेमिनार, नुक्कड़ नाटक, वृहद वृक्षारोपण अभियान, कपड़े के थैलों और स्टील की बोतलों का वितरण प्रमुख रहे।

मुख्य पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक मनीष कुमार के नेतृत्व में पर्यवेक्षकों की टीम द्वारा पूरे पखवाड़े के कार्यक्रमों का सफल संचालन किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता रही, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।