उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जागरूकता पर सेमिनार, प्रतिभाशाली बच्चों को किया गया सम्मानित

उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में मानव स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जागरूकता पर सेमिनार, प्रतिभाशाली बच्चों को किया गया सम्मानित

प्रयागराज। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे द्वारा आयोजित पर्यावरण पखवाड़े के अंतर्गत गुरुवार को मुख्यालय में "मानव स्वास्थ्य" विषय पर एक विशेष सेमिनार एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों एवं उनके परिवारों में स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार उत्तर मध्य रेलवे में 15 मई से 5 जून 2026 तक विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम "क्लाइमेट चेंज" निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक यतेंद्र कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी तथा प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश निगम विशेष रूप से उपस्थित रहे। सेमिनार में वक्ता डॉ. परवेज अहमद ने मानव स्वास्थ्य, विभिन्न बीमारियों और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण और स्वास्थ्य के गहरे संबंध को रेखांकित करते हुए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इसके बाद 29 मई 2026 को मुख्यालय में कार्यरत रेलकर्मियों के बच्चों के लिए आयोजित निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में मास्टर देवांश माहौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में कुमारी सिद्धि सुप्रिया प्रथम रहीं। विजेताओं को अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर द्वारा ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्रकृति के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी ने सभी से पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के लिए सक्रिय प्रयास करने का आह्वान किया और प्रकृति को बचाने की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन मुख्य पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक मनीष कुमार के नेतृत्व में पर्यवेक्षकों की टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और नई पीढ़ी में रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।