वडोदरा स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग का बड़ा काम, 34 ट्रेनों का ठहराव बदला; यात्रियों को यात्रा से पहले जानकारी लेने की सलाह

यात्रियों की सुविधा और रेलवे ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में पश्चिम रेलवे द्वारा वडोदरा रेलवे स्टेशन पर बड़े स्तर पर यार्ड रिमॉडलिंग और इलेक्ट्रिक इंटरलॉकिंग का कार्य किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य के कारण आगामी दिनों में कई ट्रेनों के संचालन और ठहराव में बदलाव किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार इस कार्य अवधि के दौरान कुल 34 रेल सेवाओं का वडोदरा स्टेशन पर निर्धारित ठहराव अस्थायी रूप से बदल दिया गया है। अब ये ट्रेनें वडोदरा के बजाय छायापुरी रेलवे स्टेशन, विश्वामित्री रेलवे स्टेशन और बाजवा रेलवे स्टेशन पर रुकेंगी।

रेलवे के अनुसार इस बदलाव से अजमेर, जयपुर, बीकानेर, हिसार, बान्द्रा टर्मिनस, मुंबई सेंट्रल, जोधपुर, पुणे, चेन्नई, मैसूरू, सोलापुर, उदयपुर और भिवानी समेत कई प्रमुख शहरों को जोड़ने वाली विशेष और नियमित ट्रेनें प्रभावित होंगी।

रेल प्रशासन ने बताया कि यह कार्य रेलवे संचालन को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और सुचारू बनाने के लिए किया जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन के संशोधित ठहराव और समय की जानकारी अवश्य जांच लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह अस्थायी व्यवस्था केवल तकनीकी कार्यों के सफल और सुरक्षित निष्पादन के लिए लागू की गई है तथा कार्य पूरा होने के बाद ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित की जाएंगी।