रेल यात्रियों को बड़ी सौगात: 3 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का खातीपुरा स्टेशन तक विस्तार, 18-20 जून से लागू होगी नई व्यवस्था

रेल यात्रियों को बड़ी सौगात: 3 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का खातीपुरा स्टेशन तक विस्तार, 18-20 जून से लागू होगी नई व्यवस्था

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन प्रमुख जोड़ी एक्सप्रेस रेलसेवाओं का विस्तार खातीपुरा स्टेशन तक करने का निर्णय लिया है। इस कदम से जयपुर के पश्चिमी क्षेत्र और खातीपुरा क्षेत्र के यात्रियों को सीधे लंबी दूरी की ट्रेनों की सुविधा मिलेगी तथा जयपुर जंक्शन पर निर्भरता भी कम होगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत जयपुर-असारवा, जयपुर-भोपाल और यशवंतपुर-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेनों को खातीपुरा स्टेशन तक बढ़ाया जा रहा है। इन ट्रेनों के मूल मार्ग और समय-सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

जयपुर-असारवा एक्सप्रेस अब खातीपुरा तक

ट्रेन संख्या 12982 असारवा-जयपुर एक्सप्रेस का विस्तार 19 जून 2026 से खातीपुरा तक किया जाएगा। ट्रेन जयपुर और गांधीनगर जयपुर स्टेशन होते हुए सुबह 8:25 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

वहीं, 12981 खातीपुरा-असारवा एक्सप्रेस 20 जून 2026 से खातीपुरा से रात 8:05 बजे रवाना होकर जयपुर और गांधीनगर जयपुर होते हुए अगले दिन असारवा पहुंचेगी।

भोपाल एक्सप्रेस भी पहुंचेगी खातीपुरा

ट्रेन संख्या 19712 भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस 19 जून से खातीपुरा तक संचालित होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 10:35 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

इसी प्रकार 19711 खातीपुरा-भोपाल एक्सप्रेस 20 जून से खातीपुरा से शाम 5:35 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन भोपाल पहुंचेगी।

यशवंतपुर एक्सप्रेस का भी विस्तार

दक्षिण भारत से राजस्थान को जोड़ने वाली ट्रेन संख्या 20667 यशवंतपुर-जयपुर एक्सप्रेस का विस्तार 18 जून 2026 से खातीपुरा तक किया जाएगा। ट्रेन तीसरे दिन सुबह 6:05 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

वहीं 20668 खातीपुरा-यशवंतपुर एक्सप्रेस 20 जून 2026 से खातीपुरा से रात 9:20 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन यशवंतपुर पहुंचेगी।

यात्रियों को होगा लाभ

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि खातीपुरा स्टेशन तक ट्रेनों के विस्तार से यात्रियों को जयपुर जंक्शन तक आने-जाने की अतिरिक्त परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही खातीपुरा, वैशाली नगर, झोटवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की ट्रेनों का सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन तीनों रेलसेवाओं के असारवा-जयपुर, भोपाल-जयपुर और यशवंतपुर-जयपुर के बीच मौजूदा संचालन समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। नई व्यवस्था से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और अधिक सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।