11 हजार वोल्ट का तार टूट कर छत पर गिरा, सप्लाई चालू होने से टला बड़ा हादसा

फिरोजाबाद। ग्राम पंचायत रामगढ़ उर्फ उम्मरगढ़ में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एक मकान की छत पर गिरने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना के बाद ग्राम प्रधान रेखा देवी और भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उपखंड अधिकारी (एसडीओ) मोहम्मदाबाद योगेश शर्मा को शिकायत पत्र एवं ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम प्रधान द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर छत पर गिर गया था। उस समय छत पर लोग मौजूद थे, जिन्होंने जान बचाने के लिए नीचे उतरकर अपनी सुरक्षा की। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद लाइन को लेकर पर्याप्त सतर्कता नहीं बरती गई, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

वहीं भारतीय किसान यूनियन (भानू) के मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा आगरा कुंवर अभिषेक जादौन के नेतृत्व में किसानों ने भी ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि तार टूटने के बाद आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे कई घरों और खेतों में करंट उतर आया और बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई।

किसानों और ग्रामीणों ने जर्जर विद्युत लाइनों को बदलने, ढीले तारों को दुरुस्त कराने, खराब उपकरणों की मरम्मत कराने तथा दोषी कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी जनहानि की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

इस दौरान अभिषेक जादौन,अनिल कुमार,नेम सिंह,अंशु ठाकुर,विक्रम,संजय प्रताप सिंह आदि सहित अन्य कई किसान मौजूद रहे।