बच्चों को शोर करने से मना करने पर मारपीट, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

फिरोजाबाद।थाना रजावली क्षेत्र के गांव नगला बीच में बच्चों को शोर करने से मना करने पर हुए विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगला बीच निवासी सुधीर प्रताप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम वह अपने बड़े भाई संजय प्रताप सिंह के साथ घर के बाहर स्थित प्लॉट पर बैठे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे शोर मचा रहे थे, जिस पर संजय ने उन्हें डांटते हुए शोर न करने को कहा।
आरोप है कि इसके कुछ देर बाद गांव के ही रवी, राजू और अतुल मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने संजय प्रताप सिंह के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में संजय के सिर में चोट आई। आरोप है कि आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।